नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने आइसक्रीम विक्रेता की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 1.32 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मनोज कुमार राय कथित तौर पर इलाके में साइकिल से घूमकर प्रतिबंधित पदार्थ बेचता था। संदेह से बचने के लिए वह खुद को आइसक्रीम बेचने वाला दिखाता था।
पुलिस ने बताया कि आठ अगस्त को शाम करीब 5.30 बजे, कांस्टेबल सूरज गश्त पर थे, जब उन्होंने राय को रामलीला मैदान के नजदीक एमसीडी नर्सरी के पास देखा।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘उसकी गतिविधि पर कुछ संदेह पैदा हुआ, जिसके बाद कांस्टेबल ने देखा कि वह एक बैग ले जा रहा था जिससे गांजे की तेज गंध आ रही थी।’
उन्होंने बताया कि सूरज ने तुरंत अपने ड्यूटी अधिकारी को सूचित किया, जिसके बाद एक अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचा और राय को पकड़ लिया गया।
अधिकारी ने कहा कि उसके बैग की तलाशी में एक किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद हुआ।
उन्होंने बताया, ‘पूछताछ के दौरान, राय ने खुलासा किया कि वह आसानी से पैसा कमाने और वित्तीय कठिनाइयों से उबरने के लिए अवैध व्यापार में शामिल हुआ। हम यह पता लगाने के लिए उससे पूछताछ कर रहे हैं कि उसने मादक पदार्थ कहां से खरीदा।’
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश