नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास एक बस स्टैंड पर सेना के जवान पर कथित रूप से चाकू से हमला करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
चांदनी चौक इलाके में रहने वाले और दिल्ली के प्रह्लादपुर के मूल निवासी गणेश नामक एक व्यक्ति द्वारा किए गए कथित हमले में जवान के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
कुछ दिनों बाद, 25 अप्रैल को शाम करीब सात बजे, रात्रि गश्त पर तैनात दो पुलिस अधिकारियों ने चांदनी चौक इलाके में एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिस को देखते ही संदिग्ध ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा किया और थोड़ी देर की मशक्कत के बाद उसे काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से बटन वाला चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि लाहौरी गेट थाने में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू की गई।
लगातार पूछताछ के दौरान, गणेश ने कथित तौर पर इसी पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज हमले के एक हालिया मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। सत्यापन करने पर, पुलिस को बीएनएस की धारा 118(1) (खतरनाक हथियारों का उपयोग करके स्वेच्छा से चोट या गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत 25 अप्रैल को दर्ज एक मामले में उसकी संलिप्तता मिली।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पीड़ित सेना का जवान है, जो राजस्थान जाने के लिए सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन जाने वाली बस में सवार हुआ था। बताया जाता है कि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास बस के अंदर आरोपी और जवान के बीच कहासुनी हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी ने सेना के जवान पर चाकू से हमला किया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।’
उन्होंने बताया कि बाद में शिकायतकर्ता और प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपी की पहचान कर ली।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अशिक्षित है और कथित तौर पर नशे का आदी है और इसीलिए अपराध करता था।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश