केरल अस्पताल में तोड़फोड़ के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

केरल अस्पताल में तोड़फोड़ के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 05:18 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 05:18 PM IST

कन्नूर, 21 फरवरी (भाषा) कन्नूर में एक व्यक्ति ने उसकी गर्भवती पत्नी को परियाराम स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल से छुट्टी देने से चिकित्सकों द्वारा इनकार किये जाने के बाद वहां के प्रसूति कक्ष में कथित तौर पर तोड़फोड़ की। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को शाम करीब 7.30 बजे हुई और अस्पताल अधिकारियों की एक शिकायत के बाद 24 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान राशिद के रूप में हुई है, जो कान्हांगड के पास ओझिंजलपलम का रहने वाला है। व्यक्ति ने अस्पताल के अंदर कथित तौर पर हंगामा किया।

इससे पहले दिन में टेलीविजन चैनल ने राशिद द्वारा हंगामा करने का फुटेज प्रसारित किया, जिस दौरान कर्मचारियों ने हस्तक्षेप किया।

अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, राशिद की पत्नी को प्रसव के लिए प्रसूति कक्ष में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसने चिकित्सकों की सहमति के बिना ही उसे छुट्टी देने पर जोर दिया।

अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, जब राशिद की पत्नी को छुट्टी देने से इनकार कर दिया गया, तो उसने एक नर्सिंग अधिकारी को कथित तौर पर अपशब्द कहे और दरवाजों और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी उत्पन्न हो गई।

अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, पुलिस और अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद राशिद पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि राशिद को हाथापाई में चोट आयी और उसे इलाज के लिए उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि नर्सिंग अधिकारी द्वारा दर्ज कराई गई एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस ने कहा कि अस्पताल की संपत्ति नष्ट करना और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करना केरल स्वास्थ्य सेवा कर्मी एवं स्वास्थ्य सेवा संस्थान (हिंसा एवं संपत्ति क्षति रोकथाम) अधिनियम के तहत एक गैर-जमानती अपराध है।

भाषा तान्या अमित

अमित