साइबर ठगी गिरोह को फर्जी सिम देने वाला युवक हरियाणा के नूंह से गिरफ्तार

Ads

साइबर ठगी गिरोह को फर्जी सिम देने वाला युवक हरियाणा के नूंह से गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 6, 2025 / 10:53 PM IST,
    Updated On - August 6, 2025 / 10:53 PM IST

गुरुग्राम, छह अगस्त (भाषा) हरियाणा के नूंह जिले में साइबर ठगी के लिए फर्जी सिम कार्ड मुहैया कराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मंडीखेड़ा गांव निवासी 30 वर्षीय साहिल हुसैन के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इसने बताया कि राजस्थान के विभिन्न जिलों से ऑनलाइन ठगी की पांच शिकायतें मिलने के बाद नूंह साइबर पुलिस ने मोबाइल नंबर का पता लगाया जो साहिल हुसैन के नाम पर पंजीकृत था लेकिन इसका इस्तेमाल भरतपुर निवासी तलीम उर्फ टिंडा कर रहा था।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान पंजाब नेशनल बैंक, सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और कोटक महिंद्रा बैंक में ठगी से जुड़े पैसों के लेन-देन की जानकारी मिली।

प्रवक्ता के अनुसार, साहिल ने साइबर ठग गिरोह को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराए और इस नेटवर्क का अहम हिस्सा बन गया।

उन्होंने बताया कि साहिल के अन्य साथियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा

राखी देवेंद्र

देवेंद्र