गुजरात के कच्छ में व्यापारी के अपहरण के आरोप में दिल्ली में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

गुजरात के कच्छ में व्यापारी के अपहरण के आरोप में दिल्ली में एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 15, 2025 / 10:13 PM IST,
    Updated On - October 15, 2025 / 10:13 PM IST

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) गुजरात के कच्छ में एक व्यापारी का उसके कार्यालय के सामने से कथित तौर पर अपहरण करने के आरोप में बुधवार को दिल्ली में एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान तुशांत वासु (32) उर्फ सूरज उर्फ टाइगर के रूप में हुई है और वह राजस्थान के बीकानेर का निवासी है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने राजस्थान और हरियाणा में शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन, डकैती, चोरी और हत्या के प्रयास सहित 16 से अधिक आपराधिक मामलों में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने बताया कि उसे 2023 में हरियाणा के कलानौर में दर्ज हत्या के प्रयास और डकैती के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और 2024 में जमानत पर रिहा कर दिया गया था। इसके बाद उसने गांधीधाम में अपहरण को अंजाम देने के लिए गुजरात के मोरबी के एक कुख्यात अपराधी के साथ मिलकर योजना बनायी।

पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक अत्याधुनिक पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए।

अधिकारी ने बताया, ‘अपहरण 16 जुलाई 2025 को हुआ था, जब दो कारों में सवार चार लोगों ने व्यवसायी का उसके कार्यालय (गुजरात में) के सामने से कथित तौर पर अपहरण कर लिया था। गांधीधाम थाने में भारतीय न्याय संहिता, बॉम्बे पुलिस अधिनियम 1951 और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।’

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के रोहिणी में आरोपी की गतिविधि के बारे में विशेष खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी की और वासु को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि तुशांत वासु वर्तमान में अपने माता-पिता, पत्नी और दो बेटियों के साथ रहता है और उसने बी.ए. के दूसरे वर्ष के दौरान ही कॉलेज छोड़ दिया था।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश