गोवा से किशोरी का अपहरण करने के आरोप में एक युवक महाराष्ट्र में गिरफ्तार
गोवा से किशोरी का अपहरण करने के आरोप में एक युवक महाराष्ट्र में गिरफ्तार
पणजी, 26 सितंबर (भाषा) गोवा पुलिस ने महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के कंकावली में 19 वर्षीय एक व्यक्ति को उत्तरी गोवा की एक किशोरी का अपहरण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, कर्नाटक के कनकुम्बी की मूल निवासी 15 वर्षीय लड़की उत्तरी गोवा के बिचोलिम शहर में अपनी चाची के साथ रहती थी, जहां वह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ रही थी।
उत्तरी गोवा के पुलिस अधीक्षक राहुल गुप्ता ने बताया, ‘बुधवार को लड़की घर से निकली और उसने अपनी मौसी से कहा कि वह अपने पैतृक घर जा रही है। हालांकि, बाद में पता चला कि वह कनकुम्बी नहीं पहुंची थी। इसके बाद, उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस से संपर्क किया और उसी शाम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।’
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर बिचोलिम पुलिस थाने में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
गुप्ता ने बताया कि तुरंत दो टीम गठित की गईं और उन्हें महाराष्ट्र तथा कर्नाटक भेजा गया। उन्होंने बताया कि पीड़िता सिंधुदुर्ग के कंकावली में मिली और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे बचा लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137 (2) (अपहरण) और गोवा बाल अधिनियम की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा तान्या तान्या देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


