इंस्टाग्राम पर गांव की गली बनवाने की मांग वाला पोस्ट करने पर युवक से मारपीट
इंस्टाग्राम पर गांव की गली बनवाने की मांग वाला पोस्ट करने पर युवक से मारपीट
एटा, पांच अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर ‘प्रधान जी गली बनवा दो’ लिखकर ‘स्टोरी’ पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया।
युवक ने पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों पर उसके सोशल मीडिया पोस्ट से नाराज होकर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित आकाश ने आरोप लगाया कि उसने गांव की गली की समस्या को लेकर इंस्टाग्राम पर ‘प्रधान जी गली बनवा दो’ लिखकर ‘स्टोरी’ पोस्ट की थी। उसने दावा किया कि इस पोस्ट से ग्राम प्रधान रिषी नाराज हो गए।
आकाश के मुताबिक, वह ई-रिक्शा से जा रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने वाहन रोक लिया और उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक नर्सरी की ओर ले गए, जहां ग्राम प्रधान और उनके साथियों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की, जिससे वह घायल हो गया।
आकाश के अनुसार, घटना के बाद वह किसी तरह वहां से निकला और अलीगंज कोतवाली पहुंचकर ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
अलीगंज थाना प्रभारी रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर मेडिकल जांच कराई गई है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं राजेंद्र पारुल
पारुल

Facebook


