होशियारपुर में अपहरण के बाद व्यक्ति की पीटकर हत्या, दो नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

होशियारपुर में अपहरण के बाद व्यक्ति की पीटकर हत्या, दो नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 06:20 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 06:20 PM IST

होशियारपुर (पंजाब), 17 जुलाई (भाषा) होशियारपुर में एसयूवी में सवार छह लोगों ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद 27 वर्षीय युवक को रोका और मारपीट करने के बाद अगवा कर लिया। बाद में युवक का शव मिला, जिस पर गोलियों के कई निशान थे। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मनजीत सिंह उर्फ गनी (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि सिंह बिनवाल रोड स्थित एक सरकारी स्कूल के पास अचेत अवस्था में पाया गया था और उसके शरीर पर चोटों के निशान व उसके पैरों में गोली के घाव थे। पुलिस ने कहा कि सिंह को गरहशंकर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार को हुई।

पुलिस के मुताबिक, भवानीपुर का मनजीत सिंह और उसका दोस्त सूरज कुमार झुंगियां अड्डा से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान झोनोवाल में एक पेट्रोल पंप के पास एक एसयूवी ने कथित तौर पर उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर रोका।

पुलिस ने बताया कि राजन सिंह, सिमरनजीत सिंह और चार अज्ञात लोग वाहन से बाहर निकले और उन्होंने मनजीत के साथ मारपीट की। इसके बाद वे कथित तौर पर उसे एसयूवी में जबरन बैठाकर बिनवाल गांव की ओर भाग गए।

गरहशंकर के थाना प्रभारी (एसएचओ) निरीक्षक गगनदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आरोपियों और सिंह के बीच पुरानी रंजिश होने के संकेत मिले हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने अचलपुर गांव निवासी राजन सिंह उर्फ राजा, भवानीपुर गांव निवासी सिमरनजीत सिंह उर्फ फौजी और चार अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान एसयूवी की नंबर प्लेट टूटकर मौके पर गिर गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही हैं और मामले की जांच जारी है।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश