झारखंड में बच्चा चुराने के शक में पीटे गए व्यक्ति की मौत; जांच शुरू

झारखंड में बच्चा चुराने के शक में पीटे गए व्यक्ति की मौत; जांच शुरू

झारखंड में बच्चा चुराने के शक में पीटे गए व्यक्ति की मौत; जांच शुरू
Modified Date: February 17, 2026 / 11:49 am IST
Published Date: February 17, 2026 11:49 am IST

चतरा (झारखंड), 17 फरवरी (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में बच्चा चुराने के संदेह में 45 वर्षीय जिस व्यक्ति को बुरी तरह पीटा गया था उसकी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

घटना रविवार रात पिपरवार थाना क्षेत्र में हुई, जहां चिरैयाटांड़ और किचटो गांवों के कुछ निवासियों ने व्यक्ति की बच्चा चुराने के संदेह में बेरहमी से पिटाई कर दी। मृतक की पहचान रामगढ़ जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बरवाटोली निवासी रामबली राजवार के रूप में हुई है।

पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया, “घायल व्यक्ति की सोमवार को रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह भीड़ द्वारा पीट-पीट कर जान लेने (मॉब लिंचिंग) का स्पष्ट मामला है। पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है और हमले में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।”

उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक रविवार रात उस इलाके में गया था, जिसके बाद कुछ लोगों के समूह ने उसे बच्चा चोर समझकर पीट दिया। सूचना मिलते ही पिपरवार थाने की टीम मौके पर पहुंची और उसे बचाकर बछरा क्षेत्रीय अस्पताल ले गई। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में