वडोदरा में चोरी के संदिग्ध प्रयास के दौरान मॉल की खिड़की से कूदने से व्यक्ति की मौत

Ads

वडोदरा में चोरी के संदिग्ध प्रयास के दौरान मॉल की खिड़की से कूदने से व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 09:34 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 09:34 PM IST

वडोदरा, 22 फरवरी (भाषा) गुजरात के वडोदरा में चोरी के एक संदिग्ध प्रयास के दौरान 35 वर्षीय एक व्यक्ति एक शॉपिंग मॉल की खिड़की से कथित तौर पर कूद गया जिससे उसकी मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम करीब छह बजे हुई, जब हितेंद्रसिंह परमार नामक व्यक्ति ने शहर के समा इलाके में स्थित अगोरा सिटी मॉल की पहली मंजिल से छलांग लगा दी।

समा थाने के निरीक्षक बी बी कोडियातार ने बताया कि प्रथम दृष्टया, मॉल में चोरी करने की कोशिश के बाद वह व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहा था।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हालांकि यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की पहली मंजिल पर था, लेकिन खिड़की काफी ऊंचाई पर स्थित थी, जो चार मंजिला इमारत के बराबर थी।

पुलिस ने कहा कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद हितेंद्रसिंह परमार की मौके पर ही मौत हो गई। इसने बताया कि इस संबंध में दुर्घटनावश मौत का एक मामला दर्ज किया गया है और घटना की सटीक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा अमित नेत्रपाल

नेत्रपाल