नोएडा (उप्र), 29 अप्रैल (भाषा) नोएडा के एक वाटर पार्क में नहाते समय 21 वर्षीय युवक की कथित तौर पर तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पुलिस की एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम सेक्टर-38ए स्थित एक वाटर पार्क की है, जहां अपने परिवार के साथ आए ग्रेटर नोएडा निवासी द्रोण शर्मा की पूल में नहाने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीषा सिंह ने बताया कि इसके बाद पार्क के कर्मचारी शर्मा को एंबुलेंस के जरिए विनायक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे और परिजनों ने इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कर्मचारी व परिजनों से पूछताछ कर रही है।’’
पुलिस ने बताया कि इसी वाटर पार्क में अप्रैल 2024 में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जब दिल्ली निवासी धनंजय माहेश्वरी की नहाते समय तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगे थे।
भाषा सं खारी
खारी