दिल्ली के शाहदरा में चाकू से हमले में व्यक्ति घायल
दिल्ली के शाहदरा में चाकू से हमले में व्यक्ति घायल
नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) दिल्ली में शाहदरा इलाके के कृष्णा नगर में दोस्तों द्वारा कथित रूप से चाकू से हमला किए जाने से एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात नौ बजे झगड़े के संबंध में पीसीआर को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि घायल नाज़िम को पहले ही हेडगेवार आरोग्य संस्थान अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है जबकि कथित हमलावर फरार हो गए थे।
अधिकारी के मुताबिक, इलाज के दौरान घायल ने पुलिस को बताया कि झगड़े के बाद उसके कुछ दोस्तों ने उस पर धारदार हथियार से हमला किया और फिर मौके से फरार हो गए।
एक फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच के तहत सबूत जुटाए।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा

Facebook


