पारादीप (ओडिशा), 11 अगस्त (भाषा) ओडिशा में कई अपराधों में कथित रूप से शामिल एक अपराधी जगतसिंहपुर जिले में सोमवार को देसी बम विस्फोट में घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अपराधी की पहचान पारादीप जिले के तिर्तोल निवासी 35 वर्षीय दिव्यज्योति सपथी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सतपथी और उसका साथी देसी बम लेकर बाइक पर जा रहे थे, तभी बालिकुडा थाना क्षेत्र के करकेई हाट के पास रास्ते में सतपथी के हाथ में एक बम फट गया।
पुलिस ने कहा, ‘‘विस्फोट में सतपथी का दाहिना हाथ झुलस गया, जबकि एक अन्य बम जमीन पर गिर गया।’’
तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए और बालीकुडा थाने में इसकी जानकारी दी।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और सतपथी को बालिकुडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।’’
अधिकारी ने बताया कि जो बम नहीं फटा था उसे जब्त कर लिया गया है और बाद में बम निरोधक दस्ते की मदद से उसे निष्क्रिय कर दिया गया।
बालिकुडा थाना के प्रभारी निरीक्षक सुशांत कुमार साहू ने बताया कि सतपथी कई आपराधिक मामलों में शामिल था।
साहू ने कहा, ‘‘हमने उसके फरार साथी को गिरफ्तार करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है।’’
भाषा सुरभि दिलीप
दिलीप