गुरुग्राम में तेज रफ्तार थार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, एक व्यक्ति की मौत

Ads

गुरुग्राम में तेज रफ्तार थार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, एक व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 08:14 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 08:14 PM IST

गुरुग्राम, 29 सितंबर (भाषा) शहर की जेनपैक्ट रेड लाइट के पास एक तेज रफ्तार थार द्वारा मोटरसाइकिल को कथित तौर पर टक्कर मारे जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि थार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया और उसके खिलाफ सेक्टर 53 थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

दिल्ली के मालवीय नगर में अपने रिश्तेदारों के साथ रहने वाले और वॉल पुट्टी का काम करने वाले मोहम्मद नईम द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गोंडा के निवासी मोहम्मद इदरीस भी पास में ही रहते हैं। शनिवार रात करीब 10.05 बजे, वे एम3एम क्षेत्र में काम खत्म करने के बाद मालवीय नगर लौट रहे थे।

नईम ने बताया कि वह अपने ठेकेदार आशिक अली की मोटरसाइकिल पर अपने दोस्त रंजीत यादव के साथ पीछे बैठा था। उनके दायी तरफ थोड़ी दूरी पर एक अन्य मोटरसाइकिल पर उनके रिश्तेदार इदरीस और अली सवार थे।

उन्होंने बताया कि जब उन्होंने जेनपैक्ट के पास रेड लाइट पर अपनी मोटरसाइकिलें रोकीं, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार काली थार कार ने इदरीस के दो पहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी जिससे वे वाहन समेत सड़क पर जा गिरे। उन्होंने बताया कि वाहन चालक रुकने के बजाय मौके से तेजी से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद नईम और रंजीत ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पास के एक अस्पताल पहुंचाया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने इदरीस को मृत घोषित कर दिया, जबकि अली का इलाज जारी है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘शिकायत के आधार पर अज्ञात थार वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हम क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’

भाषा प्रचेता माधव

माधव