बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे के पास व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे के पास व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
बदायूं, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज के पास अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने 55 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात वजीरगंज थाना क्षेत्र के बनकोटा स्टैंड के पास हुई। मृतक की पहचान दिलीप यादव के रूप में हुई है। वह अपनी मोटरसाइकिल का टायर ठीक कराने के लिए सड़क किनारे रुके थे।
पुलिस ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश बदायूं की ओर से आए और दिलीप यादव पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल यादव को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पुत्र ने बताया कि परिवार को उनके पिता की किसी पुरानी रंजिश या दुश्मनी की जानकारी नहीं है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हृदयेश कठेरिया ने घटनास्थल और गांव का दौरा कर अधिकारियों को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा

Facebook


