महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या

Ads

महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 07:49 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) उत्तर पश्चिम दिल्ली के भारत नगर स्थित एक पार्क में महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों ने महिला पर भी चाकू से वार किया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पार्क में बैठे पुरुष और महिला के पास चार से पांच युवक पहुंचे और उन्होंने कथित तौर पर महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब पुरुष ने विरोध किया, तो उन्होंने दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया और मौके से भाग गए।

घायलों को दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि घायल महिला की हालत पर नजर रखी जा रही है।

घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके का निरीक्षण किया। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने और घटनाओं का क्रम स्थापित करने के लिए आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।

हमले के पीछे के सही मकसद का पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश