नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में सोमवार को 28 वर्षीय शख्स की कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने उसपर इसलिए हमला किया, क्योंकि पीड़ित उसे पुराने विवाद के कारण घूर रहा था।
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे सूचना मिली कि चाकू के वार से घायल एक व्यक्ति को जग प्रवेश चंद (जेपीसी) अस्पताल ले लाया गया है।
पुलिस की एक टीम तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां घायल व्यक्ति इस्माइल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि इस्माइल अपने घर के पास मोहम्मद इरशाद के साथ बैठा था, तभी आरोपी दानिश वहां से गुजरा जिनके बीच पहले से विवाद था।
उन्होंने बताया कि पीड़ित द्वारा घूरे जाने पर दानिश चिढ़ गया और इस्माइल को गाली देने लगा, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस हुई।
पुलिस ने बताया कि बहस के दौरान शाहिद अली मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें मुक्के मारे जिससे उनकी आंख में चोट आई।
अधिकारी ने बताया, ‘हालात तब और बिगड़ गए जब आरोपी ने कथित तौर पर चाकू लाकर इस्माइल पर हमला कर दिया और उसकी छाती, पेट और सिर पर कई जगह चाकू से वार किए।’
उन्होंने बताया कि अपराध जांच दल और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाया गया और उन्होंने सबूत एकत्र किए।
अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल की तस्वीरें भी ली गईं।
पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम का पता लगाने और गवाहों के बयानों की पुष्टि करने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
भाषा नोमान नोमान शोभना
शोभना