पाकिस्तान में आत्मघाती धमाका: जांचकर्ताओं ने एक हमलावर की पहचान अफगानी नागरिक के तौर पर की

Ads

पाकिस्तान में आत्मघाती धमाका: जांचकर्ताओं ने एक हमलावर की पहचान अफगानी नागरिक के तौर पर की

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 09:30 PM IST

पेशावर, 19 सितंबर (भाषा) पश्चिमोत्तर पाकिस्तान की एक मस्जिद में हुए आत्मघाती बम धमाके के तार अफगानिस्तान से जुड़े पाए गए हैं और जांचकर्ताओं ने हमलावरों में से एक की पहचान अफगानी नागरिक के तौर पर की है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में, शुक्रवार की नमाज के दौरान चरमपंथियों ने एक मस्जिद के पास विस्फोटक से लदे वाहन में विस्फोट किया और पास ही स्थित पुलिस ठिकानों पर हमला कर दिया।

इस विस्फोट में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 103 लोग घायल हो गये। हताहतों में ज्यादातर पुलिसकर्मी थे जो मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ रहे थे।

जांच दल के एक सदस्य के अनुसार, हमलावरों में से एक की पहचान अफगान नागरिक के तौर पर हुई है, जबकि दूसरे हमलावर की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस, आतंकवाद रोधी विभाग, एलीट फोर्स और सुरक्षा बल मिलकर हमलावरों की पहचान और उनके संभावित सीमा-पार संबंधों की जांच कर रहे हैं।

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, चरमपंथी नेटवर्क का पता लगाने और इसमें मदद करने वालों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

अफगान नागरिक की पहचान होने से हमले में शामिल हो सकने वाले सीमा-पार के तत्वों की जांच पर ध्यान और बढ़ गया है।

शुक्रवार को हुए हमले की जिम्मेदारी ‘इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान’ नामक एक चरमपंथी गुट ने ली थी।

भाषा प्रशांत देवेंद्र

देवेंद्र