झारखंड में व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या, दो लोग गिरफ्तार
झारखंड में व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या, दो लोग गिरफ्तार
चाईबासा (झारखंड), 18 फरवरी (भाषा) झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में तीन दिन पहले अपने दोस्त की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को हटगामारिया पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत भुइयांसाई गांव में उनके आवास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक वैशाखी ग्वाला की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोनों ने 15 फरवरी की सुबह उसके पति वैशाखी ग्वाला को पीटा और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने शव को हटगामारिया पुलिस थाना क्षेत्र के गांव परमसाई के एक तालाब से बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर ग्वाला की मौत की जांच के लिए उप संभागीय पुलिस अधिकारी (जगन्नाथपुर) राफेल मुर्मू के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि गिरफ्तार किए गए लोग ग्वाला के घर गए थे और माघे पर्व मनाने के लिए उसे बाहर ले गए थे।
अधिकारी ने कहा, “उन्होंने साथ में ‘हड़िया’ ( पारंपरिक शराब) पी और पर्व मनाने के लिए कलिमाटी गांव की ओर चल पड़े। रास्ते में, ग्वाला ने नशे की हालत में एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया, जिसके जवाब में उसने भी थप्पड़ मारा। दोनों आरोपियों ने गला दबाकर ग्वाला की हत्या कर दी और शव को एक तालाब में फेंक दिया।”
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


