बीड में पारिवारिक विवाद के बाद व्यक्ति ने अपनी दो नाबालिग बेटियों को आग लगाने की कोशिश की

Ads

बीड में पारिवारिक विवाद के बाद व्यक्ति ने अपनी दो नाबालिग बेटियों को आग लगाने की कोशिश की

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 01:26 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 01:26 PM IST

बीड, पांच मई (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में पारिवारिक विवाद के कारण एक व्यक्ति ने अपनी दो नाबालिग बेटियों पर कथित तौर पर डीजल डालकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी के अनुसार, घटना दो मई को माजलगांव तहसील के लहामेवाड़ी गांव में हुई। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी महेश विष्णु सोमासे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, महेश की पत्नी अश्विनी घरेलू विवाद के बाद लहामेवाड़ी में अपने मायके में रह रही थी। आरोपी शनिवार शाम अपनी चार और पांच साल की दोनों बेटियों के साथ वहां पहुंचा।

उसने बताया कि आरोपी महेश ने अपनी पत्नी से तुरंत घर लौटने को कहा। हालांकि, महिला ने वापस जाने से इनकार कर दिया और विवाद को सुलझाने के लिए समुदाय के बुजुर्गों को मध्यस्थ बनाने का सुझाव दिया।

अधिकारी ने बताया कि पत्नी के इनकार से क्रोधित आरोपी ने उसे और उसके रिश्तेदारों को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी।

उन्होंने बताया कि, इसके बाद उसने अपनी मोटरसाइकिल पर रखे एक बैग से डीजल से भरा एक डिब्बा निकाला और अपनी बेटियों पर ईंधन डालकर उन्हें आग लगाने के लिए जेब से माचिस निकाल ली। हालांकि, आरोपी द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने से पहले ही एक रिश्तेदार ने उससे माचिस छीन ली।

अधिकारी के मुताबिक, मामले की जांच जारी है।

भाषा

प्रचेता दिलीप

दिलीप