मणिपुर: नगा और कुकी समुदाय के बंधक बनाए गए 31 लोगों को रिहा किया गया
मणिपुर: नगा और कुकी समुदाय के बंधक बनाए गए 31 लोगों को रिहा किया गया
( तस्वीरों सहित )
इंफाल, 15 मई (भाषा) मणिपुर के कांगपोकपी और सेनापति जिलों में हथियारबंद समूहों द्वारा बंधक बनाए गए कुकी और नगा समुदायों के 38 में से 31 लोगों को रिहा कर दिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बुधवार को कांगपोकपी में संदिग्ध उग्रवादियों ने गिरजाघर के तीन पदाधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी और चार अन्य को घायल कर दिया, जबकि नोनी जिले में एक नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। इसके बाद इन लोगों को अज्ञात क्षेत्रों में ले जाया गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हथियारबंद उग्रवादियों द्वारा बंधक बनाई गईं 12 नगा महिलाओं को मखान गांव में रिहा कर दिया गया।’’
उन्होंने बताया कि सेनापति जिले में बंधक बनाए गए कुकी समुदाय के चार पुरुषों और 10 महिलाओं को बृहस्पतिवार देर रात सुरक्षा बलों के हवाले कर दिया गया।
अधिकारी ने यह भी कहा, ‘‘नगालैंड से एक व्यक्ति सहित ‘सेल्सियन ऑफ डॉन बॉस्को’ के दो सदस्यों को भी हथियारबंद समूहों ने अलग-अलग स्थानों से रिहा किया।’’
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को कुकी समुदाय से संबंधित 18 वर्षीय महिला सहित तीन व्यक्तियों को सेनापति जिले में पुलिस टीम के हवाले कर दिया गया।
कांगपोकपी जिले में रिहा की गई एक महिला ने कहा, ‘‘हमारी आंखों पर पट्टी बंधी थी और हाथ बंधे हुए थे। हमें ठीक-ठीक पता नहीं था कि हमें कहां ले जाया गया था। मुझे महसूस हुआ कि हमें पर्वतीय इलाकों में ले जाया गया था। किसी ने भी हम पर हमला नहीं किया।’’
मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने बृहस्पतिवार को कहा था कि सरकार इन लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए नागरिक संस्था से जुड़े संगठनों और राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ सक्रिय रूप से बातचीत कर रही है।
कुकी और नगा समुदायों के लोगों ने बृहस्पतिवार को कांगपोकपी जिले में कथित अपहरणों के विरोध में अलग-अलग धरने दिए थे।
भाषा सुरभि मनीषा अविनाश
अविनाश

Facebook


