मणिपुर : बंद के आह्वान को लेकर दो आदिवासी समुदायों में झड़प

Ads

मणिपुर : बंद के आह्वान को लेकर दो आदिवासी समुदायों में झड़प

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 03:22 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 03:22 PM IST

इंफाल, 21 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के सेनापति और उससे सटे कांगपोकपी जिलों की सीमाओं पर मंगलवार को एक नागरिक समाज संगठन द्वारा आहूत बंद को लेकर दो आदिवासी समुदायों के प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई, जिससे इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

अधिकारियों ने बताया कि उखरुल जिले में 18 अप्रैल को दो लोगों की हत्या के विरोध में ‘यूनाइटेड नगा काउंसिल’ द्वारा आहूत तीन दिवसीय बंद लागू करने के लिए नगा कार्यकर्ताओं द्वारा की गई नाकाबंदी को स्थानीय पुलिस द्वारा हटाने का प्रयास करने के बाद झड़प हुई।

एक अधिकारी ने बताया कि चांगौबुंग कुकी गांव के ग्रामीणों के शामिल होने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हंगामे के दौरान कुछ गोलियां चलीं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि गोलियां किसने चलाईं।’’

यूएनसी द्वारा आहूत तीन दिवसीय बंद से राज्य के सभी नगा-बहुल क्षेत्रों में जनजीवन ठप्प हो गया। इन नगा-बहुल क्षेत्रों में उखरुल, कामजोंग, सेनापति, नोनी और तामेंगलोंग क्षेत्र शामिल हैं।

बंद 20 अप्रैल की मध्यरात्रि से शुरू हुआ।

भाषा

अमित मनीषा

मनीषा