इंफाल, छह फरवरी (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने कुकी बहुल जिलों में विरोध प्रदर्शनों के बीच शुक्रवार को सभी संबंधित लोगों से शांति बनाए रखने और हिंसा नहीं करने की अपील की।
मणिपुर में सरकार गठन में कुकी समुदाय के तीन विधायकों की भागीदारी के खिलाफ राज्य के तीन पहाड़ी जिलों में लोगों ने रैली निकाली।
बुधवार को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सिंह ने पूर्वोत्तर राज्य में मौजूदा स्थिति पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय में कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने के बाद यह अपील की।
कुकी बहुल चुराचांदपुर जिले में दो आदिवासी संगठनों द्वारा ‘‘पूर्ण बंद’’ घोषित किये जाने के बाद सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ, जबकि तीन पहाड़ी जिलों में प्रदर्शनकारियों ने राज्य में सरकार के गठन में तीन कुकी-जो-हमार विधायकों की भागीदारी के खिलाफ रैली निकाली और आरोप लगाया कि विधायकों ने समुदाय के साथ विश्वासघात किया है।
बृहस्पतिवार की शाम को चुराचांदपुर जिले में कुकी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली विधायक नेमचा किपगेन के भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में शामिल होने के विरोध में प्रदर्शन के दौरान भीड़ की सुरक्षा बलों के साथ झड़प हुई।
सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मौजूदा स्थिति का जायजा लेने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक निर्णय लेने के लिए मैंने आज शाम अपने सचिवालय में मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।’’
सिंह ने कहा, ‘‘करुणा हमारा मार्गदर्शक सिद्धांत बनी हुई है और सभी के लिए बेहतर जीवन की संभावनाएं खतरे में नहीं हैं। मैं सभी से विनम्र अपील करता हूं कि वे शांति बनाये रखें और संविधान और कानून के अनुसार कार्य करें, तथा हिंसा का सहारा न लें।’’
भाषा
देवेंद्र प्रशांत
प्रशांत