पटना में सीडब्ल्यूसी बैठक के दौरान मणिपुर कांग्रेस प्रमुख ने राज्य में चुनाव कराने की अपील की
पटना में सीडब्ल्यूसी बैठक के दौरान मणिपुर कांग्रेस प्रमुख ने राज्य में चुनाव कराने की अपील की
इंफाल, 24 सितंबर (भाषा) कांग्रेस की मणिपुर इकाई के प्रमुख कीशम मेघचंद्र ने बुधवार को राज्य विधानसभा को तत्काल भंग करने और नए चुनाव कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पार्टी जातीय हिंसा से प्रभावित राज्य में सद्भाव बहाल करने के उद्देश्य से शांति मार्च शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मेघचंद्र ने यह टिप्पणी पटना में आयोजित कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की विस्तारित बैठक के दौरान की। उन्होंने कांग्रेस विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह के साथ बैठक में हिस्सा लिया।
मेघचंद्र ने कहा, “विस्तारित सीडब्ल्यूसी बैठक में, मैंने मणिपुर में जारी हिंसा का मुद्दा उठाया और कांग्रेस कार्यसमिति के समक्ष प्रस्ताव रखे।”
वांगखेम के विधायक मेघचंद्र ने कहा कि 29 महीने से अधिक समय से जारी अशांति के बावजूद, राज्य में जातीय हिंसा का कोई समाधान नहीं निकला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार समुदायों के बीच शांति, सामान्य स्थिति और विश्वास बहाल करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा, “मैंने कहा कि मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) राज्य में शांति और सद्भाव बहाल करने के प्रयासों का नेतृत्व करने के उद्देश्य से राज्यव्यापी शांति मार्च निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। मैंने मणिपुर विधानसभा को तत्काल भंग करने और नए चुनाव कराने की भी मांग की।”
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा

Facebook


