मणिपुर: मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के आरोप में म्यांमा के चार नागरिक गिरफ्तार

मणिपुर: मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के आरोप में म्यांमा के चार नागरिक गिरफ्तार

मणिपुर: मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के आरोप में म्यांमा के चार नागरिक गिरफ्तार
Modified Date: May 6, 2026 / 09:42 am IST
Published Date: May 6, 2026 9:42 am IST

इंफाल, छह मई (भाषा) मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में मादक पदार्थ तस्करी में शामिल होने के आरोप में म्यांमा के चार नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने एक बयान में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने मंगलवार को बेहिआंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुआलकोट गांव से एक मोटरसाइकिल को रोका। पुलिस ने बाइक सवार दो लोगों के पास से साबुन के 22 डिब्बे जब्त किए जिनमें हेरोइन होने का संदेह था। इसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।

बयान में बताया गया कि एक अन्य अभियान के तहत बेहिआंग गांव में साबुन के 44 डिब्बों में हेरोइन पाई गई, जिन्हें जब्त करने के बाद दो और लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दूर-दराज के इलाकों में अभियान चलाए जाने के कारण हेरोइन की मात्रा और कुल मूल्य पता नहीं लगाए जा सके।

पुलिस ने बयान में बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान थांगसावमुंग (56), कामखेनमुंग (56), जॉनमंग (31) और हौखुल (55) के रूप में हुई है। ये सभी म्यांमा के चिखा गांव निवासी हैं।

बयान में कहा गया है कि बेहिआंग थाने में विदेशी अधिनियम और स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने संदिग्धों की गिरफ्तारी तथा मादक पदार्थ की जब्ती के लिए बेहिआंग पुलिस और असम राइफल्स की सराहना की।

पूर्व मुख्यमंत्री म्यांमा से तस्करी कर लाए जा रहे मादक पदार्थों और वहां के अवैध प्रवासियों से संबंधित मुद्दों को लगातार उठाते आ रहे हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं चुराचांदपुर जिले के बेहिआंग से साबुन के 66 डिब्बों में संदिग्ध हेरोइन की बरामदगी के साथ म्यांमा के चार नागरिकों को गिरफ्तार करने के लिए बेहिआंग थाने तथा 37 असम राइफल्स की संयुक्त टीम की समन्वित कार्रवाई की सराहना करता हूं।’’

भाषा यासिर वैभव

वैभव


लेखक के बारे में