मणिपुर के गृहमंत्री ने सीआरपीएफ प्रमुख के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की

Ads

मणिपुर के गृहमंत्री ने सीआरपीएफ प्रमुख के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 01:38 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 01:38 PM IST

इंफाल, 10 जुलाई (भाषा) मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदस कोंथौजम ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने राज्य में सुरक्षा की मौजूदा स्थिति पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह समेत बल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ‘सार्थक चर्चा’ की।

यह बैठक बृहस्पतिवार शाम को हुई। उसके दो दिन पहले उखरुल जिले में संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में असम राइफ़ल्स के दो जवान मारे गये थे।

कोंथौजम ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, एसडीजी (संचालन) वितुल कुमार, एसडीजी (एनईजेड) राजा श्रीवास्तव, पुलिस महानिरीक्षक (मणिपुर एवं नगालैंड) आर एन दास और उपमहानिरीक्षक एस के सिंह तथा महानिदेशक के एसएसओ के साथ बैठक बहुत अच्छी रही।’’

मंत्री ने कहा कि उन्होंने ‘‘मणिपुर में मौजूदा सुरक्षा हालात पर सार्थक बातचीत की’’ तथा ‘‘तालमेल बेहतर करने, संचालन के लिए तैयारी बढ़ाने और राज्य में स्थायी शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता’’ को दोहराया।

उन्होंने देश की सुरक्षा और मणिपुर के लोगों की रक्षा करने में सीआरपीएफ के समर्पण एवं अमूल्य सेवा की भी सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सब मिलकर एक सुरक्षित, स्थिर और शांतिपूर्ण मणिपुर के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश