मणिपुर को ऐसी सरकार की जरूरत, जो निष्पक्ष तरीके से काम करे: कांग्रेस विधायक दल के नेता
मणिपुर को ऐसी सरकार की जरूरत, जो निष्पक्ष तरीके से काम करे: कांग्रेस विधायक दल के नेता
इंफाल, दो सितंबर (भाषा) मणिपुर कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि राज्य को ऐसी सरकार की जरूरत है, जो किसी एक समुदाय के हित में नहीं, बल्कि सभी समुदायों के लिए निष्पक्ष तरीके से काम करे और हिंसा को किसी भी तरह का राजनीतिक संरक्षण न मिलने दे।
सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि जब सत्ता में बैठे लोगों को ‘‘पक्षपाती या परस्पर विरोधी निष्ठाओं वाला’’ माना जाने लगता है, तो सरकार एक निष्पक्ष प्राधिकरण के रूप में अपनी विश्वसनीयता खो देती है।
उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर आज एक सक्रिय ज्वालामुखी की तरह है। मणिपुर की गहरी समस्या यह है कि अलग-अलग समुदायों के बीच राजनीतिक नेतृत्व को अलग-अलग प्रतिस्पर्धी हितों और सशस्त्र समूहों के विचारों से करीबी तौर पर जुड़ा हुआ माना जाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इससे एक खतरनाक स्थिति पैदा होती है। निष्पक्ष मध्यस्थ की भूमिका निभाने के बजाय सरकार संघर्ष का हिस्सा नजर आने लगती है। ऐसी परिस्थितियों में प्रशासन का हर फैसला समुदाय के नजरिए से देखा जाता है और स्थायी राजनीतिक समाधान तलाशना बेहद मुश्किल हो जाता है।’’
कांग्रेस विधायक दल के नेता ने कहा कि राज्य में एक स्पष्ट नीति होनी चाहिए कि ‘‘हिंसा को कोई राजनीतिक संरक्षण नहीं, चुनिंदा तरीके से न्याय नहीं और सशस्त्र धमकी को किसी भी तरह की वैधता नहीं’’ और सभी के लिए समान जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सिंह ने कहा, ‘‘इसलिए मणिपुर को ऐसी सरकार की जरूरत है, जो सभी सशस्त्र समूहों और सभी सामुदायिक हितों से ऊपर उठकर काम करे। संघर्ष को अनिश्चितकाल तक सिर्फ संभालते रहने से शांति स्थापित नहीं की जा सकती। इसके लिए राज्य की निष्पक्षता में लोगों का भरोसा बहाल करना और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हर पीड़ित को न्याय मिले चाहे वह किसी भी समुदाय से हो।’’
भाषा गोला देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


