मणिपुर : बम हमले के खिलाफ इंफाल में प्रदर्शन
मणिपुर : बम हमले के खिलाफ इंफाल में प्रदर्शन
इंफाल, 12 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में हाल ही में हुए बम हमले और दो बच्चों की मौत के विरोध में रविवार को राजधानी इंफाल में हजारों लोगों ने रैली निकाली।
यह रैली उरीपोक निर्वाचन क्षेत्र के कई स्थानीय निकायों के एक समूह, उरीपोक अपुनबा लुप और उरीपोक नुपी अपुनबा लुप द्वारा आयोजित की गई थी। रैली लैम्बोइखोंगनांगखोंग से शुरू हुई और चार किलोमीटर की दूरी तय की।
उरीपोक अपुनबा लुप के उपाध्यक्ष ख्वैराकपम तरुणकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अपने विरोध प्रदर्शन के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि बिष्णुपुर जिले के ट्रोंगलाओबी में दो बच्चों की हत्या की राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की जांच जल्द से जल्द पूरी की जाए और दोषियों को उचित दंड दिया जाए तथा कानून के अनुसार उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।’’
कई बच्चों ने भी रैली में हिस्सा लिया और उन्होंने इस दौरान तख्तियां पकड़ी हुई थीं जिन पर लिखा था, ‘‘हम न्याय चाहते हैं, हम बच्चों की हत्या की निंदा करते हैं।’’
बिष्णुपुर जिले के ट्रोंगलाओबी में सात अप्रैल को संदिग्ध आतंकवादियों ने मकान पर बम फेंका जिसकी चपेट में आने से पांच वर्षीय लड़के और उसकी छह महीने की बहन की मौत हो गई थी।
भाषा धीरज रंजन
रंजन

Facebook


