इंफाल, एक जुलाई (भाषा) इंफाल पूर्व जिले के ब्रह्मपुर में घरों पर हथगोला फेंकने के आरोप में एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को पकड़ा गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां सोमवार को सावोमबुंग इलाके में की गईं और ये कार्रवाई ‘‘ब्रह्मपुर में घरों पर हथगोला फेंकने के मामले में पोरोमपट थाने में दर्ज प्राथमिकी की जांच के बाद’’ की गई।
पकड़े गए लोगों में सोरोखाइबम रोहित मेइती (24), सलाम याइफाबा मेइती खाजिंग (20) और एक नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच से पता चला है कि उनके ‘हैंडलर’ ने उन्हें छह ग्रेनेड दिए थे जिनमें से पांच को इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों के अलग-अलग रिहायशी इलाकों में फेंका गया था।
पुलिस ने बताया कि शेष ग्रेनेड और इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई हैं।
भाषा सुरभि वैभव
वैभव