मणिपुर: सेना-असम राइफल्स के संयुक्त अभियान में दो उग्रवादी मारे गए, दो घायल
मणिपुर: सेना-असम राइफल्स के संयुक्त अभियान में दो उग्रवादी मारे गए, दो घायल
इंफाल/चुराचांदपुर, छह सितंबर (भाषा) मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में भारतीय सेना और असम राइफल्स की संयुक्त टीम के साथ मुठभेड़ में यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के दो उग्रवादी मारे गए और दो अन्य उग्रवादी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचना के आधार पर 29 अगस्त की रात हेंगलेप उपमंडल के फाइबोंग गांव में अभियान शुरू किया था।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने यूकेएनए के एक शिविर पर नजर रखी और दो सितंबर को सुबह पांच बजे उसे रणनीतिक रूप से घेरना शुरू किया।
उन्होंने बताया कि यूकेएनए के सदस्यों ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे ‘‘अंधाधुंध गोलीबारी’’ शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने नियंत्रित तरीके से गोलीबारी की।
असम राइफल्स ने शनिवार रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई है कि यूकेएनए के दो सदस्य मारे गए और दो घायल हुए हैं।’’
यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी केंद्र, मणिपुर सरकार और कई कुकी एवं जोमी सशस्त्र संगठनों के बीच हुए अभियान निलंबन (एसओओ) समझौते का हस्ताक्षरकर्ता नहीं है।
असम राइफल्स ने बताया कि बाद में शिविर की तलाशी के दौरान दो एमए राइफल, एक एके-56 राइफल, एक लाथोड गन, सात लाथोड ग्रेनेड, एके राइफल की 15 मैगजीन, एके-56 के 371 कारतूस, एमए राइफल के 601 कारतूस, ‘सेल्फ-लोडिंग राइफल’ (एसएलआर) के 172 कारतूस, 15 लड़ाकू वर्दियां और गोला-बारूद रखने की सात थैलियां बरामद की गईं।
असम राइफल्स ने कहा कि आसपास के जंगलों में अभियान जारी है।
भाषा
सिम्मी खारी
खारी

Facebook


