इंफाल, 18 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के उखरुल जिले में शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी सहित दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वहीं मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने घटना की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंपने की घोषणा की।
यह घटना शनिवार दोपहर लिटन थाना क्षेत्र के टी. एम. कासोम गांव में घटी।
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को तंगखुल नगा बहुल पर्वतीय जिले का दौरा करने और कुकी व नगा निवासियों के साथ बातचीत के दौरान शांति व संवाद की अपील की थी, जिसके एक दिन बाद यह घटना हुई।
अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध उग्रवादियों ने इंफाल से उखरुल जा रहे नागरिकों के वाहनों पर गोलीबारी की।
उन्होंने बताया कि कार की आगे वाली यात्री सीट पर बैठे एक व्यक्ति के सिर में गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि गोली लगने से घायल हुए एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया।
अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान ताशर गांव के निवासी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी चिनाओशांग शोकवुंगनाओ और खारासोम गांव के निवासी यारुइंगम वाशुम के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री ने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने और माहौल खराब करने के उद्देश्य से की गई उकसावे वाली कार्रवाइयों के झांसे में न आने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “मैं आज (शनिवार) अपराह्न करीब ढाई बजे उखरुल जिले के टी. एम. कासोम गांव में उग्रवादियों द्वारा किए गए हमले में दो निर्दोष नागरिकों की हत्या की कड़ी निंदा करता हूं। मेरी सरकार ने इस मामले को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंपने का फैसला किया है।”
उन्होंने कहा, “ताशर गांव के रहने वाले नागा रेजिमेंट के सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी चिनाओशांग शोकवुंगनाओ और खारासोम सी वी गांव के यारुइंगम वाशुम के परिजनों को अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।”
सिंह ने कहा, “मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और दुख की इस घड़ी में उनके साथ हूं।”
भाषा शुभम जितेंद्र
जितेंद्र