चूड़ाचांदपुर (मणिपुर), 22 मार्च (भाषा) मणिपुर के चूड़ाचांदपुर जिले में रविवार को कुछ लोगों ने ‘कुकी जो परिषद (केजेडसी)’ के अध्यक्ष के आवास में दाखिल होने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षा बलों ने उनके प्रयास को विफल कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने मेईती और कुकी समुदाय के बीच विश्वास बहाली के प्रयास के तहत गुवाहाटी में नागरिक संस्था ‘कुकी जो परिषद’ के साथ बातचीत की थी।
मई 2023 से लेकर अब तक मेईती और कुकी-जो समुदायों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं।
मणिपुर में फरवरी 2025 में राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। इस वर्ष फरवरी में सिंह के नेतृत्व में एक लोकप्रिय सरकार का गठन किया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार अपराह्न बड़ी संख्या में युवकों ने चूड़ाचांदपुर शहर स्थित केजेडसी अध्यक्ष एच थांगलेट के आवास पर पथराव किया और उसमें दाखिल होने की कोशिश की।
अधिकारियों ने बताया कि लेकिन, शनिवार शाम से ही सतर्क सुरक्षा बलों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और युवकों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
इससे पहले दिन में, केजेडसी ने एक बयान में कहा था कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक लगभग पौने दो घंटे तक चली और यह बातचीत मुख्य रूप से आपसी सौहार्द्र बढ़ाने के लिए थी।
केजेडसी ने कहा कि उसके प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए और मुख्यमंत्री ने धैर्यपूर्वक उन्हें सुना।
भाषा
राजकुमार धीरज
धीरज