माओवादी नेता देवूजी ने तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया

Ads

माओवादी नेता देवूजी ने तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 04:29 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 04:29 PM IST

हैदराबाद, 24 फरवरी (भाषा) प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के शीर्ष कमांडर थिप्पिरी तिरुपति उर्फ देवूजी ने मंगलवार को तेलंगाना पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

देवूजी प्रतिबंधित संगठन की महत्वपूर्ण केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो का सदस्य था। देवूजी ने केंद्रीय समिति के सदस्य मल्ला राजी रेड्डी के साथ तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बी शिवधर रेड्डी की उपस्थिति में औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण कर दिया।

देवूजी और राजी रेड्डी के अलावा, दो अन्य माओवादियों बड़े चोक्का राव उर्फ ​​जगन और नून नरसिम्हा रेड्डी उर्फ ​​गंगन्ना ने भी हथियार डाल दिए।

देवूजी वर्तमान में छत्तीसगढ़ के माड से संचालित केंद्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) के प्रभारी के रूप में कार्यरत था।

पुलिस ने बताया कि देवूजी 1982 में जगतियाल जिले के कोरुतला में इंटरमीडिएट की पढ़ाई करते समय रेडिकल स्टूडेंट यूनियन (आरएसयू) के संपर्क में आया। वर्ष 1983 में, देवूजी सीपीआई एमएल (पीडब्ल्यूजी) में शामिल होने के बाद भूमिगत हो गया। 1983-84 के दौरान, उसने गढ़चिरौली दलम में दलम सदस्य के रूप में काम किया और 1985 में, उसे क्षेत्रीय समिति सदस्य बनाया गया।

पुलिस ने बताया कि देवूजी को 2001 में केंद्रीय समिति के सदस्य के रूप में पदोन्नत किया गया था, और 2016 में उसे सीएमसी का प्रभारी बनाया गया था।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश