झारखंड के गिरिडीह में 25 लाख रुपये का इनामी माओवादी गिरफ्तार

Ads

झारखंड के गिरिडीह में 25 लाख रुपये का इनामी माओवादी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 07:39 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 07:39 PM IST

रांची, 17 जुलाई (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में 25 लाख रुपये के इनामी एक माओवादी को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार माओवादी की पहचान अजय महतो उर्फ टाइगर के रूप में हुई है। वह विभिन्न जिलों में दर्ज 240 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था।

उन्होंने बताया कि महतो को बृहस्पतिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और झारखंड पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान हरलाडीह चौकी क्षेत्र में स्थित एक मकान से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘झारखंड सरकार ने उसपर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। महतो पर सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने, हत्या, आईईडी विस्फोट, लूटपाट और आगजनी की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। उससे पूछताछ की जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि महतो के एक मकान में छिपे होने की गुप्त सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए अभियान चलाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी के अनुसार, महतो 240 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित है। इनमें पश्चिमी सिंहभूम में 100 और गिरिडीह में 50 मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ चतरा, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, सरायकेला और रामगढ़ जिलों में भी कई मामले लंबित हैं।

भाषा प्रचेता शफीक

शफीक