मराठवाड़ा में एक जून से अब तक बारिश के कारण आठ मौतें हुईं

मराठवाड़ा में एक जून से अब तक बारिश के कारण आठ मौतें हुईं

मराठवाड़ा में एक जून से अब तक बारिश के कारण आठ मौतें हुईं
Modified Date: July 3, 2026 / 06:38 pm IST
Published Date: July 3, 2026 6:38 pm IST

छत्रपति संभाजीनगर, तीन जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में एक जून से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि छत्रपति संभाजीनगर और नांदेड़ में तीन-तीन तथा परभणी में दो लोगों की जान गई।

उन्होंने आधिकारिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि इस अवधि में मराठवाड़ा में बारिश के कारण 181 पशुओं की भी मौत हुई है। इनमें नांदेड़ में 81 और हिंगोली में 31 पशुओं की मौत हुई।

अधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण 195 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 484.45 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, जिसमें 456.70 हेक्टेयर क्षेत्र में फलों की बागवानी शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक जून से अब तक मराठवाड़ा क्षेत्र में 130.9 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो इस अवधि के औसत 152 मिलीमीटर का 86.1 प्रतिशत है।’’

रिपोर्ट के अनुसार, नांदेड़ जिले के हदगांव निवासी भरत कदम, किनवट के गुणवंत किनाके और शेख राशिद तथा छत्रपति संभाजीनगर जिले के सिल्लोड निवासी सरजेराव खराटे की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।

रिपोर्ट में कहा गया है कि फुलंब्री में दीवार गिरने से ताराचंद (45) और उनके 13 वर्षीय बेटे अनीकेत जोंवल की मौत हो गई।

इसके अलावा, परभणी में तेज हवा के कारण टिन शेड गिरने से दीपाली नंदगे की मौत हो गई, जबकि जिंतूर की मंगलबाई खंडागले (65) की डूबने से जान चली गई।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में