नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस नजफगढ़ में दवा की एक दुकान पर दो नकाबपोश बदमाशों द्वारा कथित रूप से गोलीबारी किए जाने के मामले में रंगदारी के संभावित पहलुओं और विदेश में रह रहे गैंगस्टर कपिल सांगवान से जुड़े नेटवर्क की संदिग्ध संलिप्तता की जांच कर रही है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ स्थित नया बाजार में दवा की एक दुकान पर हुई गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, दुकान मालिक संजय रोहिल्ला (51) ने बताया कि 25 से 30 वर्ष की आयु के दो लोग चेहरा ढककर मोटरसाइकिल से उनकी दुकान के बाहर आए थे।
पुलिस ने दुकान मालिक के हवाले से बताया कि उनमें से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से उतरा और दुकान के ऊपरी हिस्से की ओर कथित रूप से गोली चलाई, जिसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच के तहत साक्ष्य जुटाए।
पुलिस दुकान और आसपास की सड़कों पर लगे कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि गोली चलाने वालों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि अगर सीसीटीवी फुटेज में मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर दिखाई देता है तो उसका भी सत्यापन किया जाएगा।
पुलिस गोलीबारी के पीछे की परिस्थितियों और दुकान को निशाना बनाए जाने के संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह घटना रंगदारी की कोशिश से जुड़ी थी और क्या इसे गैंगस्टर सांगवान उर्फ नंदू से कथित रूप से जुड़े नेटवर्क के कहने पर अंजाम दिया गया।
पुलिस हालांकि अब तक रंगदारी या किसी विशेष गिरोह की संलिप्तता की पुष्टि नहीं कर पाई है।
अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं और यह भी पता लगाया जा रहा है कि गोलीबारी से पहले दुकान मालिक या उनके परिवार को कोई धमकी मिली थी या नहीं।
गोलीबारी की घटना से नया बाजार इलाके में दहशत फैल गई है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें काम कर रही हैं।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश