मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस को दैनिक आधार पर चलाने का अनुरोध

मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस को दैनिक आधार पर चलाने का अनुरोध

मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस को दैनिक आधार पर चलाने का अनुरोध
Modified Date: June 19, 2026 / 07:24 pm IST
Published Date: June 19, 2026 7:24 pm IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने शुक्रवार को मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया कि इस ट्रेन को साप्ताहिक आधार के बजाय दैनिक रूप से चलाया जाए।

शर्मा ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने से जुड़े कार्यक्रम का गवाह बनने के लिए मऊ में जुटे लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “लोगों की जबरदस्त मांग है कि इसे हफ्ते में एक बार के बजाय रोजाना चलाया जाए।”

शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये वैष्णव से जुड़े, जो दो साप्ताहिक ट्रेन-छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस और मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने और दोहरीघाट-औड़िहार एमईएमयू (मेमू) ट्रेन सेवा को वाराणसी सिटी तक बढ़ाने के लिए छपरा में मौजूद थे।

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, “वैष्णव अन्य गणमान्य लोगों के साथ छपरा में मौजूद थे। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मऊ से चलाई जाने वाली दो ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जिनमें ट्रेन संख्या 14055/14056 मऊ-आनंद विहार-मऊ एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 65121/65122 दोहरीघाट-औड़िहार-दोहरीघाट एमईएमयू शामिल हैं।”

अधिकारी के मुताबिक, “जब दोनों ट्रेन रवाना हो गईं, तो वैष्णव ने तीसरी ट्रेन छपरा-आनंद विहार-छपरा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12527/12528) को हरी झंडी दिखाई।”

पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 14055 मऊ-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस हर बृहस्पतिवार को सुबह 10:30 बजे मऊ से रवाना होगी और अगले दिन तड़के 3:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी।

उसने बताया कि वापसी की यात्रा में ट्रेन संख्या 14056 आनंद विहार टर्मिनस-मऊ एक्सप्रेस हर बुधवार को दोपहर 3:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:45 बजे मऊ पहुंचेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे ने बताया कि यह ट्रेन मुहम्मदाबाद, आजमगढ़, खोरासों रोड, शाहगंज, जौनपुर, जंघई, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रुकेगी।

रेवले के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12527 छपरा-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस हर रविवार को रात 8:50 बजे छपरा से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2:00 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी।

उसने बताया कि ट्रेन संख्या 12528 आनंद विहार टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस हर सोमवार को शाम 4:25 बजे आनंद विहार टर्मिनस से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:40 बजे छपरा पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद स्टेशन पर रुकेगी।

भाषा पारुल संतोष

संतोष


लेखक के बारे में