नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.4 डिग्री कम था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने सोमवार दोपहर और शाम को तेज हवाओं और आंधी के साथ हल्की बारिश का अनुमान लगाया है।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
रविवार को दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 38.4 से 39.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
रिज का तापमान सबसे ज्यादा 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा था। इसदीके बाद लो रोड पर 38.7 डिग्री सेल्सियस और पालम में 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम था।
न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस से 26.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
सफदरजंग में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था। इसके बाद पालम में 25.6 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 24.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, लोदी रोड पर न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है।
सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 61 प्रतिशत दर्ज की गई।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्युआई) 151 दर्ज किया गया, जो ‘माध्यम’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्युआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’ , 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा
राखी देवेंद्र
देवेंद्र