एमसीडी महापौर चुनाव: मतदान की पूर्व संध्या पर रणनीति तय करने के लिए भाजपा की बैठक
एमसीडी महापौर चुनाव: मतदान की पूर्व संध्या पर रणनीति तय करने के लिए भाजपा की बैठक
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) महापौर चुनाव से पहले, शहर से भाजपा के सांसदों ने मंगलवार को पार्टी के दिल्ली प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा से मुलाकात कर 29 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए रणनीति को अंतिम रूप दिया।
सचदेवा से मुलाकात करने वालों में स्वाति मालीवाल भी थीं जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुई हैं।
पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संभवत: एकजुट मोर्चा सुनिश्चित करना है क्योंकि निर्वाचक मंडल एमसीडी चुनावों के लिए अगले महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति में तीन रिक्त सीटों के लिए चुनाव की तैयारी कर रहा है।
इस वर्ष बुधवार को होने वाले महापौर चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में 273 वोट शामिल हैं, जिनमें 249 पार्षद, दिल्ली विधानसभा द्वारा मनोनीत 14 विधायक, सात लोकसभा सदस्य और दिल्ली से तीन राज्यसभा सदस्य शामिल हैं, जो महापौर का फैसला करेंगे। चुनाव जीतने के लिए उम्मीदवार को 137 वोटों की आवश्यकता होती है।
भाजपा ने रोहिणी-पूर्व से तीन बार के अनुभवी पार्षद प्रवेश वाही को महापौर पद के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है।
आम आदमी पार्टी के चुनाव से हटने और कांग्रेस द्वारा हाजी जरीफ को उम्मीदवार बनाने के बाद, यह संभावना है कि भाजपा उम्मीदवार बिना किसी बाधा के चुनाव जीत जाएगा, क्योंकि मौजूदा सरकार के पास बहुमत है।
आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सदस्यों के हाल ही में भाजपा में शामिल होने और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी द्वारा चुनाव से बाहर रहने के फैसले की घोषणा के साथ, भाजपा का ध्यान 273 सदस्यीय निर्वाचक मंडल में अपनी मजबूत संख्या का लाभ उठाने पर है।
मौजूदा आंकड़ों के अनुसार, भाजपा को 143 वोटों की बढ़त हासिल है, जिसमें 123 पार्षद, सात लोकसभा सदस्य और दो राज्यसभा सदस्य और 11 विधायक शामिल हैं। आम आदमी पार्टी के पास 105 वोट हैं, जिनमें 100 पार्षद, तीन विधायक और दो राज्यसभा सदस्य शामिल हैं। स्वाति मालीवाल ने हाल ही में पार्टी छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गईं।
इस बीच, आम आदमी पार्टी से अलग होकर बनी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के पास 15 पार्षद हैं।
सोमवार को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने एमसीडी महापौर चुनाव के लिए 14 विधायकों को मनोनीत किया, जिनमें भाजपा के 11 और आम आदमी पार्टी के तीन विधायक शामिल हैं।
भाषा प्रशांत मनीषा
मनीषा

Facebook


