शिलांग, 19 मार्च (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने राज्यपाल सी एच विजयशंकर को हिंसा प्रभावित गारो हिल्स क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति के बारे में बृहस्पतिवार को जानकारी दी।
संगमा के साथ उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसोंग और वरिष्ठ अधिकारी भी थे।
लोक भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को बताया कि क्षेत्र में स्थिति में काफी सुधार हुआ है और अब केवल छिटपुट घटनाएं ही सामने आ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हालात सामान्य हो गए हैं, लोग अब अपनी दैनिक दिनचर्या में वापस लौट रहे हैं। स्थिति की समीक्षा करने के बाद, हमने इंटरनेट पर लगी रोक भी हटा दी है। हालांकि, हम घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और स्थिति को सामान्य करने के लिए सतर्क हैं।’’
उन्होंने कहा कि गारो हिल्स में हुए घटनाक्रम का विस्तृत विवरण राज्यपाल को दिया गया है, जहां गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएडीसी) चुनावों में गैर-आदिवासियों की भागीदारी को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन हिंसा में बदल गये थे।
बैठक के दौरान, संगमा ने राज्यपाल को बताया कि वह लगभग दो सप्ताह से तुरा में डेरा डाले हुए थे।
संगमा ने कहा, ‘‘इस दौरान हम राज्यपाल के साथ फोन पर लगातार संपर्क में रहे हैं, लेकिन मुझे लगा कि मौजूदा स्थिति और कानून-व्यवस्था में गड़बड़ी पैदा करने वाली घटनाओं के क्रम के बारे में उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानकारी देना महत्वपूर्ण होगा।’’
हिंसा के सिलसिले में हुई गिरफ्तारियों पर संगमा ने कहा कि सबूतों के आधार पर कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है।
अधिकारियों ने बताया कि गारो पर्वतीय स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएडीसी) चुनाव में गैर-आदिवासियों के भाग लेने पर रोक लगाने संबंधी अधिसूचना को लेकर शुरू हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा फैल गई थी।
हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई थी। हिंसा के बाद सरकार को कर्फ्यू लगाना पड़ा और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करनी पड़ी।
सरकार ने 10 अप्रैल को होने वाले चुनावों को भी स्थगित कर दिया था।
भाषा देवेंद्र रंजन
रंजन