मेघालय ने नीदरलैंड, ब्रिटेन को हल्दी, अदरक पाउडर का निर्यात किया

Ads

मेघालय ने नीदरलैंड, ब्रिटेन को हल्दी, अदरक पाउडर का निर्यात किया

  •  
  • Publish Date - June 23, 2021 / 11:22 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:29 PM IST

शिलॉन्ग, 23 जून (भाषा) मेघालय के मंत्री बांटीडोर लिंगदोह ने बुधवार को बताया कि लकाडोंग हल्दी और अदरक पाउडर को पहली बार नीदरलैंड और ब्रिटेन को निर्यात किया गया है।

हल्दी की लकाडोंग किस्म वेस्ट जयंतिया हिल्स के लकाडोंग इलाके में पैदा होती है। इसे दुनिया में हल्दी की सबसे अच्छी किस्मों में से एक माना जाता है, जिसमें करक्यूमिन की मात्रा लगभग 6.8 से 7.5 प्रतिशत होती है।

लिंगदोह ने बताया कि उच्च गुणवत्ता वाला अदरक पाउडर री-भोई जिले के गांवों से प्राप्त किया जाता है। मंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘करीब 150 किलोग्राम लकाडोंग हल्दी और 150 किलोग्राम अदरक पाउडर नीदरलैंड भेजा गया। इसके अलावा, 210 किलोग्राम लकाडोंग हल्दी और पांच किलोग्राम अदरक पाउडर ब्रिटेन भेजा गया है।’’

उन्होंने कहा कि इन दोनों देशों में उपभोक्ताओं की मांग के बाद यह निर्यात परीक्षण के तहत किया गया है और राज्य सरकार ने इस प्रक्रिया में सहायता की थी।

मंत्री ने कहा कि इन दो जिलों में महिला स्वयं सहायता समूहों से प्राप्त इन उत्पादों का निर्यात पिछले साल शुरू हो गया होता, लेकिन महामारी के कारण ऐसा नहीं किया जा सका।

भाषा सिम्मी पवनेश

पवनेश