श्रीनगर, 12 अप्रैल (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने मणिपुर में एक घर पर हुए हमले की शनिवार को कड़ी निंदा करते हुए इसे भयावह बताया।
मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने मंगलवार को एक घर पर बम से हमला किया था, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के कारण राज्य में विरोध प्रदर्शन हुए।
मुफ्ती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मणिपुर में दो निर्दोष बच्चों की मौत होने की घटना अत्यंत निंदनीय और भयावह है।’’
किसी का नाम लिए बिना, उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर ‘‘पूरी तरह से चुप्पी’’ साधी जा रही है, जो और भी अधिक चिंताजनक है।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि सत्ता में बैठे लोग पूरी तरह से चुप हैं और कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जो बुनियादी मानवाधिकारों और न्याय की बजाय राजनीतिक प्रचार अभियानों को प्राथमिकता दे रहे हैं। लोगों को उपेक्षित समझा जाता है और केवल चुनाव के समय ही उन्हें लुभाया जाता है। संकट के समय उनकी सुरक्षा को आसानी से नजरअंदाज कर दिया जाता है।’’
भाषा
देवेंद्र सुभाष
सुभाष