‘मधुर आवाज’, ‘अद्वितीय प्रतिभा’: अमित शाह ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि

Ads

‘मधुर आवाज’, ‘अद्वितीय प्रतिभा’: अमित शाह ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 04:29 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 04:29 PM IST

नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल अपनी “मधुर आवाज” और “अद्वितीय प्रतिभा” से एक अनूठी पहचान बनाई, बल्कि अपने सुरों के माध्यम से भारतीय संगीत को और भी समृद्ध किया।

शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किये एक संदेश में कहा, ‘‘आज हर भारतीय और विशेषकर मेरे जैसे हर संगीत प्रेमी के लिए दुःखद दिन है, जब हम सबकी प्रिय आशा भोसले जी हमारे बीच नहीं रहीं।’’

सात दशकों से अधिक समय तक अपने यादगार गीतों के साथ बॉलीवुड पर राज करने वाली 92 वर्षीय गायिका आशा भोसले का रविवार को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। आशा भोसले के कई अंगों के काम करना बंद कर दिया था।

गायिका के परिजनों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शाह ने कहा कि आशा ताई ने न सिर्फ अपनी मधुर आवाज और अद्वितीय प्रतिभा से एक अलग पहचान बनाई, बल्कि अपने सुरों से भारतीय संगीत को भी और अधिक समृद्ध किया।

शाह ने कहा, “हर तरह के संगीत में ढल जाने की उनकी अनोखी प्रतिभा हर व्यक्ति का दिल जीत लेती थी। अपनी आवाज से करोड़ों दिलों को छूने वाली आशा जी ने हिंदी, मराठी, बांग्ला, तमिल, गुजराती सहित अनेक भाषाओं के साथ-साथ लोकगीतों में भी अमिट छाप छोड़ी।”

उन्होंने कहा कि आशा ताई की आवाज में जितनी कोमलता थी, उनके व्यवहार में भी उतनी ही सादगी और आत्मीयता थी।

उन्होंने कहा, ‘‘उनसे जब भी मुलाकात होती थी, संगीत और कला जैसे अनेक विषयों पर लंबी बातें होती थीं। आज वे भले ही हमारे बीच नहीं हैं, पर अपनी आवाज से वे सदैव हमारे दिलों में रहेंगी।’’

शाह ने कहा, “ईश्वर आशा जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ऊं शांति शांति शांति।”

भाषा प्रशांत अमित

अमित