इंफाल, 11 जून (भाषा) मणिपुर के कामजोंग जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने बृहस्पतिवार को एक गांव पर हमला कर दो लोगों की हत्या कर दी और कई घर जला दिये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हमले की यह घटना, कांगपोकपी जिले में नगा समुदाय के छह लोगों के शव मिलने के एक दिन बाद हुई। ये शव उन लोगों के हो सकते हैं, जिन्हें हथियारबंद समूहों ने बंधक बना रखा था।
पुलिस ने बताया कि कुल्तुह कुकी नाम के एक छोटे से गांव पर प्रात: करीब 4:55 बजे संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला किया और दो लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि म्यांमा सीमा के पास करीब 30 घर भी जला दिये गए।
सुरक्षा बल दूर-दराज के उस गांव में पहुंच गए हैं, लेकिन हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
‘कुकी बैपटिस्ट कन्वेंशन’ ने इन हत्याओं की निंदा की और अधिकारियों से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘‘ठोस और व्यापक कदम’’ उठाने की अपील की।
कांग्रेस नेता डॉ. लैमटिनथांग हाओकिप ने दावा किया कि ‘‘कुल्टुह चर्च के प्रमुख पदाधिकारी और युवा विभाग के चेयरमैन की बेरहमी से हत्या कर दी गई।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि हालात को काबू करने में सरकार नाकाम रही है।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश