नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज दिन में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.7 डिग्री अधिक है। अन्य मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। पालम में यह 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 2.1 डिग्री अधिक है।
वहीं, रिज में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और आयानगर में 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें क्रमशः 1.5 डिग्री और 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज दिन में हल्की बारिश होने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दोपहर से शाम के बीच गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।’
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है। आज अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 152 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
दिल्ली वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के ‘मध्यम’ श्रेणी में ही बने रहने की संभावना है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन