दक्षिण दिल्ली में फुटपाथ से बच्ची का अपहरण, बलात्कार और फिर हत्या; कैब चालक गिरफ्तार

Ads

दक्षिण दिल्ली में फुटपाथ से बच्ची का अपहरण, बलात्कार और फिर हत्या; कैब चालक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 03:31 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 03:31 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही 11 साल की एक लड़की का अपहरण कर उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया और फिर उसे मार डाला गया।

एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी कैब चालक ने जुर्म छिपाने की कोशिश में उसके शव को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के किनारे एक जंगल में फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना के छह घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

महरौली में फुटपाथ पर रहने वाले परिवार को सोमवार सुबह लड़की नहीं मिली तब उन्होंने उसे खोजना शुरू किया। अपहरण का शक होने पर, परिवार वालों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस दल मौके पर पहुंचे और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘आरोपी करीब 30 साल का कैब चालक है और बिहार का रहने वाला है। उसने सुबह करीब पांच बजे लड़की का अपहरण कर लिया, जब वह अपने परिवार के साथ सो रही थी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर बच्ची की खोज शुरू की। सीसीटीवी के फुटेज की जांच के दौरान कैब चालक के बारे में पता चला।’

अधिकारी ने कहा कि कि बच्ची का पता लगाने और आरोपी की पहचान करने के लिए करीब 20 टीमें बनाई गईं।

एक पुलिस सूत्र ने बताया ‘‘अपराध करने के बाद, आरोपी उसी जगह पर लौट रहा था, लेकिन आसपास में पुलिस टीमों को देखकर भाग गया। पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और अपराध के छह घंटे के अंदर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’

पुलिस ने कहा कि तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के विश्लेषण ने मामले को जल्द सुलझाने में मदद की। लगातार पूछताछ के दौरान, आरोपी ने नाबालिग का अपहरण, उसके यौन उत्पीड़न और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या करने की बात कबूल की।

उसके खुलासे के आधार पर, टीमों ने सोमवार देर रात मौके से बच्ची का शव बरामद किया और मौत की सही वजह पता लगाने तथा मेडिको-लीगल सबूत जुटाने के वास्ते उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

फोरेंसिक विशेषज्ञों ने उन दोनों जगहों की जांच की जहां से लड़की का अपहरण किया गया था और जहां उसका शव फेंका गया था। विश्लेषण के लिए नमूने और दूसरे सबूत इकट्ठा किए गए हैं।

पुलिस ने कहा कि वे घटनाओं के सही क्रम की जांच कर रहे हैं, और यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या आरोपी ने अकेले यह अपराध किया और क्या उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड है ?

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव