मां-बाप को घर में बंद कर कार लेकर सैर करने निकला नाबालिग हुआ दुर्घटना का शिकार

मां-बाप को घर में बंद कर कार लेकर सैर करने निकला नाबालिग हुआ दुर्घटना का शिकार

मां-बाप को घर में बंद कर कार लेकर सैर करने निकला नाबालिग हुआ दुर्घटना का शिकार
Modified Date: February 20, 2026 / 07:27 pm IST
Published Date: February 20, 2026 7:27 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 20 फरवरी (भाषा) केरल के तिरुवनंतपुरम के करमना में बृहस्पतिवार-शुक्रवार की रात एक नाबालिग और उसका दोस्त माता-पिता को घर में बंद कर कार लेकर सैर पर निकल गए और वाहन के सड़क से फिसलकर खाई में गिरने से दुर्घटना का शिकार हो गए।

घटना तड़के करीब दो बजे हुई। कार सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए कई फुट नीचे जा गिरी।

टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्य में वाहन उलटा पड़ा हुआ दिखाई दिया।

पुलिस ने बताया कि “चमत्कारिक रूप से” दोनों लड़कों को इस हादसे में कोई चोट नहीं आई और वे स्वयं ही ऊपर सड़क तक चढ़कर आ गए।

करमना पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस ने माता-पिता को सूचना दी, तब उन्हें पूरी घटना की जानकारी हुई।

अधिकारी ने कहा कि वाहन की पंजीकृत मालिक यानी लड़के की मां के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें बच्चे अपने माता-पिता को घर के अंदर बंद कर शहर में घूमने निकल जाते हैं।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में