नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात के बाद मौत: मुख्यमंत्री ने जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए

Ads

नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात के बाद मौत: मुख्यमंत्री ने जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 07:14 PM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 07:14 PM IST

श्रीनगर, 24 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को स्कूल शिक्षा विभाग को किश्तवाड़ में एक स्कूल छात्रा के साथ दुष्कर्म मामले की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि कड़ी और अनुकरणीय कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “आज स्कूल शिक्षा विभाग को किश्तवाड़ में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म से जुड़ी जघन्य घटना की जांच शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि इस मामले में कड़ी और अनुकरणीय कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।’’

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में स्थित स्कूल के एक शिक्षक ने 15 वर्षीय छात्रा के साथ पिछले कुछ महीनों से बार बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गयी। पीड़िता का गर्भपात कराने का प्रयास किया गया जिस दौरान उसकी मौत हो गयी।

इस घटना के बाद पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी शिक्षक और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया।

छात्रा की बृहस्पतिवार देर शाम हुई मौत के बाद छत्रू और जिले के कई अन्य हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपी खालिद अहमद शेख को उसके भाई के साथ गिरफ्तार कर लिया है। शेख ग्रेड-दो शिक्षक है और इंदरवाल स्थित मध्य विद्यालय का प्रभारी प्रधानाध्यापक है।

सूत्रों ने बताया कि गर्भपात कराने के लिए जम्मू ले जाते समय लड़की की मौत हो गई। इसके बाद उसके शव और मृत पैदा हुए बच्चे को उसके गांव ले जाया गया जिससे शुक्रवार को छत्रू और किश्तवाड़ के अन्य हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

भाषा रंजन नरेश

नरेश