मिजोरम के स्वास्थ्य मंत्री ने गर्भवती महिला की मौत पर माफी मांगी

Ads

मिजोरम के स्वास्थ्य मंत्री ने गर्भवती महिला की मौत पर माफी मांगी

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 09:39 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 09:39 PM IST

आइजोल, 16 मार्च (भाषा) मिजोरम की स्वास्थ्य मंत्री लालरिनपुई ने लुंगलेई के एक राजकीय अस्पताल में कथित तौर पर भर्ती करने से इनकार किए जाने के बाद 31 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत के मामले में सोमवार को औपचारिक रूप से माफी मांगी और पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए।

लालरिनपुई ने यहां विधानसभा सम्मेलन कक्ष में मिजोरम सार्वभौमिक स्वास्थ्य देखभाल योजना(एमयूएचसीएस 2.0) के उद्घाटन के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा मरीजों को वापस भेजने की खबरों को ‘‘दिल दहला देने वाला’’ और ‘‘अस्वीकार्य’’ करार दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘स्वास्थ्य मंत्री के रूप में, मैं जिम्मेदारी लेती हूं और शोक संतप्त परिवार से दिल से माफी मांगती हूं। इस त्रासदी के कारणों का पता लगाने के लिए आधिकारिक जांच पहले ही शुरू हो चुकी है।’’

पीड़िता की पहचान एफ लल्लावमकिमी के रूप में की गई है जिसकी 12 मार्च को मौत हो गई थी।

खबरों के मुताबिक लल्लावमकिमी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद,परिजन उसे आपातकालीन भर्ती के लिए सिविल अस्पताल ले गए, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने कथित तौर पर बिस्तर खाली नहीं होने का हवाला दिया।

महिला बाद में बेहोश हो गई और उसे मृत घोषित कर दिया गया।

भाषा धीरज रंजन

रंजन