मिजोरम नगर निकाय चुनाव: महिला उम्मीदवारों के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणियों की एमएनएफ ने निंदा की
मिजोरम नगर निकाय चुनाव: महिला उम्मीदवारों के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणियों की एमएनएफ ने निंदा की
आइजोल, 31 मार्च (भाषा) मिजोरम में विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने मंगलवार को आगामी आइजोल नगर परिषद चुनावों में महिला उम्मीदवारों के खिलाफ ऑनलाइन ‘अशोभनीय और अपमानजनक’ टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
विपक्षी दल ने सोशल मीडिया मंचों पर महिला उम्मीदवारों के चरित्र हनन और उन्हें लैंगिक भेदभाव का शिकार बनाए जाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए एक मिसाल कायम करने का आग्रह किया।
एमएनएफ के कानूनी बोर्ड के कोषाध्यक्ष जोथांसंगी हमार ने आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के लगातार उल्लंघन के कारण स्थानीय मामलों में निर्वाचन आयोग के हस्तक्षेप की बढ़ती आवश्यकता पर बल दिया।
हमार ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मिजोरम में निष्पक्ष चुनाव की परंपरा को बनाए रखने के लिए जनता सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं से सकारात्मक उदाहरण पेश करने में अग्रणी भूमिका निभाने की अपेक्षा करती है।”
हमार ने नगर नरिषद चुनाव में वार्ड-चार से एमएनएफ उम्मीदवार आर. लालनुंथारी उर्फ नुनुई रुआलहेंग पर घृणित और आपत्तिजनक टिप्पणियों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि ऐसा व्यवहार न केवल एक राजनीतिक हथकंडा है, बल्कि समाज में ‘महिलाओं की स्थिति का दमन’ है।
एमएनएफ नेता ने इस तरह के दुष्प्रचार अभियान जारी रहने पर औपचारिक कानूनी कार्रवाई करने का संकल्प लिया।
हमार ने कहा, “किसी महिला के चरित्र को निशाना बनाने वाले अभद्र हमलों का उचित कानूनी तरीके से जवाब दिया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि एमएनएफ हर समय अपने उम्मीदवारों की रक्षा के लिए तैयार है।
एमएनएफ नेता ने सम्मानजनक राजनीतिक संवाद की ओर बढ़ने का आग्रह किया।
एक बयान के मुताबिक, 21 अप्रैल को होने वाले 19 सदस्यीय नगर परिषद चुनाव में 28 महिलाओं सहित कुल 68 उम्मीदवार मैदान में हैं।
जेडपीएम, एमएनएफ और कांग्रेस ने 19-19 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 11 उम्मीदवारों को टिकट दिया है।
इस चुनाव में 12 लाख महिलाओं सहित 23 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।
मतगणना 27 अप्रैल को होगी।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


